रिकांगपिओ में कार्यशाला का आयोजन, बोर्ड परीक्षा परिणामों की हुई समीक्षा
सभी स्कूलों में बारहवीं कक्षा का परिणाम संतोषजनक
रिकांगपिओ ( किन्नौर)। किन्नौर जिला में बोर्ड की परीक्षा बेहतर परिणाम ने देेने वाले विद्यालय के प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रिकांगपिओ में स्कूल नेतृत्व विकास कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला सेकेंडरी उपशिक्षा निदेशक कुलदीप डोगरा और प्रारंभिक उपशिक्षा निदेशक अरुण गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उप शिक्षा निदेशक गुणवत्ता नियंत्रण सुशील शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत एवं मार्गदर्शन किया। कार्यशाला के दौरान बोर्ड कक्षाओं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई। इसमें जिला के सभी स्कूलों में बारहवीं कक्षा का परिणाम संतोषजनक पाया गया, जबकि कुछ विद्यालयों में दसवीं कक्षा का परिणाम अपेक्षानुसार नहीं पाया गया। ऐसे विद्यालयों के प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में स्विफ्ट चैट प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति की स्थिति का विश्लेषण किया गया और आगामी समय में 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय पुस्तकालयों के प्रभावी संचालन के लिए पुस्तकों का वर्गीकरण विद्यार्थियों की आयु व कक्षा के अनुरूप करने और उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।