फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: न समय पर वेतन न ईपीएफ का भुगतान, लूहरी परियोजना के कामगारों ने किया विरोध प्रदर्शन

विज्ञापन
210 मेगावाट जल विद्युत परियोजना के खिलाफ बायल में प्रदर्शन करते सीटू कार्यकर्ता। स्रोत : सीटू
विज्ञापन
एसजेवीएनएल कार्यालय बायल के बाहर खोला मोर्चा, हड़ताल की चेतावनी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। समय पर वेतन न मिलने, ईपीएफ और बोनस का भुगतान न होने पर कामगारों ने लूहरी परियोजना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कामगारों ने मंगलवार को एसजेवीएनएल कार्यालय बायल के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। कामगारों ने परियोजना पर नए श्रम संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन का आरोप लगाया है। हिमाचल प्रदेश भवन सड़क एवं अन्य निर्माण यूनियन लूहरी परियोजना संबंधित सीटू ने एसजेवीएनएल और पटेल कंपनी के खिलाफ वेतन और श्रमिक हितों की उपेक्षा को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। एसजेवीएनएल और पटेल कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया। यह प्रदर्शन दिसंबर 2025 के वेतन में 20 दिन की देरी, लीव सैलरी बोनस के दो वर्षों से अनुदान राशि का भुगतान न होना और एक साल से कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का भुगतान रोके जाने को लेकर किया गया। यूनियन के अध्यक्ष राजपाल भंडारी और महासचिव दिनेश मेहता ने बताया कि कंपनी की ओर से मजदूरों के वेतन में लगातार देरी की जा रही है, जो नए श्रम संहिता (लेबर कोड) के प्रावधानों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी ने श्रम संहिता को लागू करने के नाम पर श्रमिक हितों को नजरअंदाज किया, तो संघ आगामी दिनों में हड़ताल पर जाने को विवश होगा। यूनियन ने कहा कि कंपनी की ओर से ईपीएफ और बोनस का भुगतान न करना मजदूरों के प्रति दोयम दर्जे का व्यवहार किया जा रहा है। संघ ने कहा कि सरकार की ओर से श्रमिक हित में लागू किए गए श्रम संहिता के वादे आज खोखले साबित हो रहे हैं और केंद्र सरकार के मजदूरों को समय पर वेतन देने का आश्वासन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। यूनियन ने कंपनी प्रबंधन से तत्काल दिसंबर माह का वेतन, लंबित बोनस और ईपीएफ का भुगतान करने की मांग की है। इस प्रदर्शन में चंद्र पाल, कपिल, मोहर सिंह, परस राम, अजय शर्मा सहित कई अन्य मजदूर मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें