रामलीला मैदान में 46 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन है नया मंच
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
रोहड़ू में मेले के मंच का निर्माण कार्य शुरू होने के दस महीने बाद भी अधर में है। तीन महीने में मंच को तैयार करने के सभी दावे खोखले साबित हुए हैं। अप्रैल में होने वाले रोहड़ू मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए मंच तैयार होने पर अभी भी संशय बना हुआ है। रामलीला मैदान में हर वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल गतिविधियों का आयोजन होता है। फरवरी 2025 में रामलीला मैदान रोहड़ू में पुराना मंच तोड़कर नए मंच का निर्माण 46 लाख रुपये की लागत से शुरू किया गया। मंच का निर्माण ठेकेदार ने तीन माह में करना था। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने भी कार्य को शीघ्र निपटाने के दावे किए। आज आलम यह है कि दस महीने बाद भी मंच का निर्माण कार्य अधर में है। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेला शुरू होने में तीन माह शेष है। ऐसे में अब सवाल उठता है कि राज्य स्तरीय मेले से पहले मंच बनकर तैयार कैसे होगा।
जमीन विवाद होने के कारण हुई देरी
नगर परिषद राेहड़ू के उपाध्यक्ष सुजय अग्रवाल ने बताया कि मंच का निर्माण कार्य तो बीते वर्ष फरवरी में शुरू हो गया था। कुछ जमीनी विवाद होने के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई। मंच का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पुरा करने का प्रयास किया जा रहा है।