कोटखाई -मराथू- थरोला -टाहू सड़क को चौड़ा करने का चला है कार्य
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई-मराथू-थरोला-टाहू सड़क को चौड़ा करने का कार्य चला हुआ है। लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार की ओर से मलबे को जंगल और मराथू खड्ड में फेंका जा रहा है। इससे एक ओर लोगों को सड़क सुविधा का लाभ दिया जा रहा है, दूसरी ओर जंगल और जल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि वन विभाग और लोक निर्माण विभाग इस पर कार्रवाई करे। इस सड़क के चाैड़ा करने का कार्य कई दिनों से चल रहा है, लेकिन सड़क से निकल रहा मलबा नालों, जंगल और खड्ड में ठिकाने लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मराथू खड्ड में अभी तक कई टन मलबा गिराया जा चुका है। इस मलबे की वजह से खड्ड का पानी दूषित हो रहा है। बारिश के दौरान बाड़ का भी खतरा बना रहेगी। इस खड्ड में कई उठाऊ पेयजल योजनाएं बनाई गई हैं। मराथू खड्ड का पानी आगे जाकर गिरि खड्ड में मिलता है। लोगों ने बताया कि गिरि खड्ड से भी कई उठाऊ पेयजल योजनाएं बनाई गई हैं। लोगों ने मांग की है कि सड़क चौड़ा करने से क्षेत्र की जनता को लाभ मिलेगा, लेकिन जिस तरह से मलबे को खड्ड में फेंका जा रहा है, उससे कई लोग प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में मलबे को ठिकाने लगाने के लिए विभाग की ओर से उचित स्थान का चयन किया जाए, ताकि पर्यावरण जल व जंगलों को नुकसान न किया जाए।
अभी तक इस प्रकार का मामला मेरे ध्यान में नहीं है। यदि सड़क का मलबा मराथू खड्ड में फेंका जा रहा, तो इसे रोकने के लिए वहां कर्मचारी तैनात किया जाएगा, ताकि सड़क को चौड़ा करने के बाद मलबा पानी में न जाए। अखिल चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कोटखाई डिवीजन