वन विभाग की टीम ने नाका लगाकर डकोलढ़ में पकड़ी गाड़ी
रामपुर थाना में दी शिकायत पर मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के डकोलढ़ में वन विभाग की टीम ने एक गाड़ी से लकड़ी के 160 लट्ठे बरामद किए हैं। वन विभाग की शिकायत के बाद रामपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चोरी की धारा और भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान लखन पाल, अमीर चंद और अजीत कुमार निवासी किन्नौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इन दिनों वन विभाग की ओर से लकड़ी के अवैध परिवहन को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने शनिवार रात को डलोकढ़ में नाका लगाया था। इसी बीच एक गाड़ी को रोका गया। उसमें लकड़ी के लट्ठे पाए गए। गाड़ी सवार तीनों व्यक्ति लकड़ी से संबंधित कोई भी परमिट या दस्तावेज नहीं दिखा पाए। गिनती करने पर गाड़ी में लकड़ी के 160 लट्ठे पाए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि रामपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।