तीन दिवसीय मेले में देवता शाड़ी बनाड़ कर रहे शिरकत
समापन समारोह में आज शिक्षा मंत्री रोहित लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जिला स्तरीय रामपुरी मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को महिला मंडलों, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जुब्बल के उपमंडलाधिकारी गुरमीत नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
तीन दिवसीय मेले में देवता शाड़ी बनाड़ विशेष रूप से विराजमान हैं। मेले के दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत डकैड गांव के ग्रामीणों के पारंपरिक नृत्य से हुई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर ग्रामीणों और देवलुओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिला मंडल जटाड़ी, महिला मंडल डीम, सरस्वती विद्या मंदिर जुब्बल, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डीम तथा प्राथमिक पाठशाला रामपुरी के विद्यार्थियों ने नाटियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। दिनभर पारंपरिक लोकनृत्यों का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान ग्रामीणों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
मेला कमेटी के अध्यक्ष चंदर चौहान, सचिव विनोद शर्मा, हिमांशु पिरटा, कोषाध्यक्ष बंटी मोकटा और प्रेस सचिव हेमराज घेजटा ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि और लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए मेले का आयोजन किया जाता है। मेले का समापन शनिवार को होगा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। शनिवार रात सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला स्तरीय रामपुरी मेले में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद