कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कांगल आंगनबाड़ी केंद्र में समर मेला-2 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य वेद वर्मा बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। आंगनबाड़ी केंद्र को रंग-बिरंगे गुब्बारों और विभिन्न शिक्षाप्रद सामग्री से सजाया गया। बच्चों, अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना देवी ने उपस्थित लोगों को आंगनबाड़ी केंद्रों के महत्व और बच्चों के जीवन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। समर मेला-2 के दौरान बच्चों और अभिभावकों को पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के खान-पान और पोषण संबंधी आदतों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने चिंता जताई कि समय के साथ कई क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या कम हो रही है। ऐसे में अभिभावकों को आंगनबाड़ी केंद्रों की उपयोगिता समझने और बच्चों को इन केंद्रों से जोड़ने की आवश्यकता है। बीडीसी सदस्य वेद वर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका राजकुमारी कश्यप, महिला मंडल प्रधान आशा कश्यप, नर्मदा वर्मा, आशा कार्यकर्ता शकुंतला, द्रोपती सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना देवी, पिंकी, सहायिकाएं संतोष और बीना मौजूद रहीं।