कांगल में 100 मरीजों का स्वास्थ्य जांचा
. निशुल्क हृदय जांच शिविर में विशेषज्ञों ने जांचा मरीजों का स्वास्थ्य
हैप्पी हार्ट मिशन के तहत किया शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
कांगल पंचायत में निशुल्क हृदय जांच शिविर लगाया गया। यह शिविर प्लान फाउंडेशन और ग्रीनबेरी आरकेजी वेलफेयर फाउंडेशन नारकंडा के संयुक्त तत्वावधान में हैप्पी हार्ट मिशन के अंतर्गत आयोजित किया गया। शिविर में 100 मरीजों का स्वास्थ्य जांचा गया। शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों को हृदय स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न सेवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। इनमें ब्लड प्रेशर की जांच, ईसीजी, हृदय जोखिम मूल्यांकन और चिकित्सक से परामर्श प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में हृदय रोगों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार लोग हृदय संबंधी बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। इस कारण बीमारी का पता काफी देर से चलता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद जरूरी है। नियमित जांच से हृदय संबंधी जोखिमों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर की जा सकती है और समय रहते उचित चिकित्सा सलाह एवं उपचार लिया जा सकता है। निशुल्क हृदय जांच शिविर का उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य वेद प्रकाश वर्मा ने किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कांगल की प्रधान सुमन शर्मा, उपप्रधान योगेश वर्मा सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए समाजसेवी राजेश गुप्ता, प्लान फाउंडेशन और ग्रीनबेरी आरकेजी वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापकों, आयोजकों का आभार जताया।