ठियोग के शाली बाजार में ग्रिल में फंसी महिला हुई हादसे का शिकार। संवाद
स्थानीय व्यापारियों ने पहुंचाया अस्पताल, प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रेफर
नगर परिषद ने ठेकेदार को जारी किया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग के शाली बाजार में चल रहे नालियों के निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां नालियों के ऊपर ग्रिल लगाने का काम चल रहा था, लेकिन ठेकेदार की ओर से ग्रिलों को सही तरीके से ढका नहीं गया। इसी लापरवाही के कारण मंगलवार को 65 वर्षीय महिला हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला बाजार से गुजर रही थी, तभी उसकी टांग खुली ग्रिल में फंस गई और वह गिर गई। हादसे में महिला की टांग की फीमर हड्डी में फ्रैक्चर आ गया। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत महिला उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर किया। जानकारी के अनुसार, नालियों का काम करीब दो महीने पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली के कारण अब तक अधूरा पड़ा है। अधूरे और असुरक्षित निर्माण कार्य के चलते लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। हालांकि, महिला के परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं की है। उधर, सिविल अस्पताल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे डाॅ. नरेश कुमार ने बताया कि महिला की टांग में फीमर हड्डी टूट गई है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को शिमला रेफर किया गया है।
ठेकेदार को नोटिस जारी
वहीं, नगर परिषद ठियोग के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता को देखते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। यह कार्य काफी पहले पूरा किया जाना था, लेकिन ठेकेदार की ओर से काम में देरी की गई। उन्होंने ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि नियमों के अनुसार जो भी कार्रवाई बनती होगी, वह अमल में लाई जाएगी।
ठियोग के शाली बाजार में ग्रिल में फंसी महिला हुई हादसे का शिकार। संवाद