रामपुर के शनेरी स्कूल में शीतकालीन अवकाश के बाद बच्चों के पहुंचने से लौटी रौनक। संवाद
रामपुर के स्कूलों में शीतकालीन अवकाश समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में शीतकालीन अवकाश के बाद वीरवार से स्कूल खुल गए। क्षेत्र के सभी स्कूलों में बच्चों के आने से रौनक लौट आई है। अधिक ठंड होने के कारण क्षेत्र के स्कूलों में हर वर्ष 1 जनवरी से अवकाश रहता है। इस वर्ष 1 जनवरी से 11 फरवरी तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश रहा। लंबे अवकाश के बाद स्कूल विद्यार्थियों के शोर से गूंज उठे। सुबह के समय बच्चे अपने सहपाठियों का इंतजार करते नजर आए। सभी सहपाठियों के आने के बाद विद्यार्थी स्कूल की ओर निकल पड़े। स्कूल पहुंचते ही विद्यार्थियों ने छुट्टियों के अनुभव अपने दोस्तों के साथ साझा किए। अध्यापकों ने बच्चों को अवकाश में दिए काम को देखा। लंबे अवकाश के बाद छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। सभी बच्चों की उपस्थिति के बाद कक्षाएं फिर से लगनी शुरू होंगी। पहले दिन से ही स्कूलों में विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। डंसा स्कूल के प्रधानाचार्य सह देव नेगी ने कहा कि स्कूलों में बच्चों की चहल-पहल से रौनक लौट आई है। लंबे अवकाश के बाद अब बच्चों को पढ़ाई की ओर विशेष ध्यान देना होगा। बच्चों के अंतिम परीक्षा नजदीक आ रही है। इसके लिए उन्हें अच्छे से पढ़ाई करनी होगी।