रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के वार्ड-एक से लेकर वार्ड-नौ तक की मतदाता सूचियां तैयार कर ली गई हैं। इन सूचियों का का अवलोकन एसडीएम कार्यालय रामपुर, तहसीलदार कार्यालय और नगर परिषद कार्यालय रामपुर में किया जा सकता है। एसडीएम एवं नगर परिषद रामपुर के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित करवाने का दावा करना हो या आपत्ति दर्ज करवानी हो, तो वह व्यक्ति 17 अक्तूबर तक निर्धारित प्रपत्र संख्या 4, 5 या 6 में अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। सभी दावे और आपत्तियां पुनरीक्षण प्राधिकारी–तहसीलदार रामपुर के नाम संबंधित होंगी। इन्हें व्यक्तिगत रूप से, अभिकर्ता के माध्यम से या पंजीकृत डाक के माध्यम से 17 अक्तूबर तक प्रस्तुत किया जा सकता है।