निरमंड(कुल्लू)। निरमंड कॉलेज के स्वयंसेवियों ने वीरवार को चिट्टा मुक्त समाज निर्माण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली के जरिये स्वयं सेवियों ने निरमंड कस्बे के लोगों को चिट्टे के दुष्प्रभाव बताए और बचाव को लेकर जागरूक किया। राजकीय महाविद्यालय निरमंड की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयं सेवियों ने चिट्टा मुक्त रैली निकाली। यह रैली महिला मंडल बागीपुल और राजकीय प्राथमिक स्कूल बागीपुल के सहयोग से संपन्न हुई। कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. राजन देवी नेगी ने उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को चिट्टे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और समाज को नशामुक्त बनाने को लेकर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। स्वयंसेवियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य, नशा नियंत्रण में महिलाओं की भूमिका और ग्रामीण महिलाओं में स्वच्छता की स्थिति से संबंधित विस्तृत सर्वेक्षण भी किया। इस सर्वेक्षण में महाविद्यालय के कुल 29 स्वयंसेवियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का सार्थक प्रयास किया गया, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की गई।