आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी में सात दिवसीय विशेष शिविर चल रहा है। वीरवार को स्वयंसेवियों ने सुबह प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद योग और व्यायाम किया। सभी स्वयंसेवियों ने ड्रिल में भी भाग लिया। इसके बाद क्षेत्र कार्य के अंतर्गत महाविद्यालय के बगीचों और सड़क के दोनों ओर आवंछित घास, झाड़ियों की कटाई की और साफ-सफाई की। शैक्षणिक सत्र के तहत कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सीमा ने स्रोत व्यक्ति की भूमिका निभाते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन, जोखिम आकलन से सामुदायिक कार्रवाई तक विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में आने वाली विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं और उनके प्रभावों पर प्रकाश डाला। संध्या में खेल गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।