तलूणा और हरिपुर में आनी कॉलेज के स्वयंसेवकों ने चलाया सफाई अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी के स्वयंसेवकों ने तलूणा और हरिपुर में सफाई अभियान चलाया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई ने गोद लिए गांव तलूणा में स्वच्छता-संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। स्वयंसेवकों ने गांव में रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने तलूणा पंचायत कार्यालय के परिसर में साफ-सफाई की। गांव की पगडंडी को स्वच्छ किया। नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। तलूणा महिला मंडल की प्रधान बिशना देवी ने इकाई स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार और संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महाविद्यालय की द्वितीय राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के गोद लिए गांव हरिपुर में भी स्वच्छता रैली और सफाई अभियान का आयोजन किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ गांव में सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित डंपिंग साइट तक पहुंचाया गया। हरिपुर गांव में अभियान द्वितीय इकाई की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सीमा के निर्देशन और मार्गदर्शन में चलाया गया। कार्यक्रम में हरिपुर वार्ड सदस्य रीता शर्मा ने भाग लेकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।