कुमारसैन स्कूल में योग अभ्यास करते स्वयंसेवी। संवाद
एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन ( रामपुर बुशहर )। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुमारसैन में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों के लिए योग और प्राणायाम का विशेष सत्र आयोजित किया गया। विद्या भारती के उत्तर भारत योग प्रमुख डॉ. प्रकाश आचार्य ने स्वयंसेवियों को योगाभ्यास सिखाए। साथ ही दैनिक जीवन में योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ शरीर, शांत मन और बेहतर जीवनशैली के लिए नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। डॉ. प्रकाश आचार्य ने स्वयंसेवियों को योग और प्राणायाम के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से एकाग्रता, आत्म अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को योगाभ्यास करते समय सही विधि और अनियमितता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी संजय भारती और मीरा शर्मा ने बताया कि विद्यालय में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान निर्धारित समयसारिणी के अनुसार प्रतिदिन विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और जागरूकता संबंधी गतिविधियां करवाई जा रही हैं। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना है।