आरआरकेएमएस क्लब नोगली की ओर से ग्रामीण स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते मुख्यातिथि
नोगली में वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू, बुशहर बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। आरआरकेएमएस क्लब नोगली की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की याद में ग्रामीण स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। रविवार को बुशहर बॉक्सिंग एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। वहीं, सुंदर कपूर, दिग्विजय मेहता, अशोक नेगी और विनोज नेगी विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पहला मैच डंसा और तलाई टीम के मध्य खेला गया। डंसा ने तलाई को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश पाया। क्लब के अध्यक्ष जगत वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की याद और खेल-खेलो, नशा छोड़ो के उद्देश्य से वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस स्पर्धा में छात्र-छात्राओं की टीमें दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता में ननखड़ी, निरमंड, कुमारसैन, आनी, रामपुर और किन्नौर की 32 टीमों के खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता में छात्र वर्ग की विजेता टीम को 44,444 और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को 22,222 और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, छात्रा वर्ग की विजेता टीम को छह हजार और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को तीन हजार और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक इनाम दिया जाएगा। इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष मोनू बिष्ट, सचिव शुभम जगटा, कोषाध्यक्ष अतुल जिश्टू, महासचिव कुशाल सोनी और प्रेस सचिव अर्जुन जोशी सहित कई अन्य युवा मौजूद रहे।