ननखड़ी की सडक़ों को जल्द बहाल करने को लेकर एसडीएम रामपुर को भाजपा मंडल ने सौंपा ज्ञापन। संवाद
ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सड़क को बहाल करने की उठाई मांग
बस सेवा ठप होने से स्कूली बच्चे और ग्रामीण झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ननखड़ी तहसील की पांच पंचायतों के लिए डेढ़ महीने से परिवहन सेवाएं ठप हैं। इससे स्कूली बच्चों सहित हजारों ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को ननखड़ी क्षेत्र के खड़ाहण, खुन्नी-पनोली, जाहु, खोलीघाट और गाहन पंचायतों का एक प्रतिनिधिमंडल हिमकोफेड के पूर्व अध्यक्ष कौल सिंह नेगी और भाजपा मंडल ननखड़ी के अध्यक्ष जियालाल की अध्यक्षता में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह से मिला और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि ननखड़ी क्षेत्र में डेढ़ महीने से बंद पड़ी सड़कों को बहाल किया जाए और बस सेवा शुरू की जाए। उन्होंने रामपुर-खोलीघाट-नागाधार बस और रामपुर-बाघी बस को ट्रांसमिट करने की मांग उठाई है ताकि क्षेत्र की जनता को आने-जाने की सुविधा मिल सके। बच्चों को स्कूल जाने में कोई दिक्कत न हो। कौल सिंह ने बताया कि 13 अगस्त को भारी बारिश से बघारी नामक स्थान पर डंगा गिर जाने से सड़क बंद हो गई थी। इस कारण पांच पंचायतों के लिए बस सेवाएं बंद पड़ी हैं। इस रूट पर बस सेवा न होने से लोगों को अपने दैनिक कार्यों और यात्रा के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में चार बसें चलती थीं। ग्रामीण लगातार लोक निर्माण विभाग से सड़क बहाल करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि बघारी में जल्द सड़क को बहाल किया जाए। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि जल्द सड़कों को बहाल किया जाएगा। इस मौके पर उपाध्यक्ष पिंकू श्याम, ग्राम केंद्र अध्यक्ष बिहारीलाल, खोलीघाट पंचायत की प्रधान अनिता, जाहु पंचायत के उपप्रधान महावीर, पूर्व किसान मोर्चा देवी सिंह, पथिक मेहता, जीवत राम, अशोक श्याम, हरि सिंह, सोहन लाल, रामेश्वरी, सीमा, बतू देवी और हेमराज मौजूद रहे।