एक सप्ताह में 10 पालतू कुत्तों को शिकार बना चुके हैं तेंदुए
स्कूल और रिहायशी इलाके में घूम रहे, दहशत में ग्रामीण
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से पिंजरा स्थापित करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। पूह पंचायत में एक सप्ताह से तेंदुओं ने आतंक मचा रखा है। करीब 10 पालतू कुत्तों को तेंदुए अपना शिकार बना चुके हैं। क्षेत्र के स्कूली बच्चों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्कूल और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में तेंदुओं के घूमने से ग्रामीण डर के साये में जी रहे हैं। पूह खंड की पूह पंचायत के गांधी मोहल्ला, गुनवा मोहल्ला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूह के पास एक सप्ताह से तेंदुए घूमते दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र में 10 पालतू कुत्तों को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है। ग्रामीणों के अनुसार दो तेंदुओं को घूमते हुए देखा गया है। पिंजरा लगाने की मांग उठाई है। प्रधान पूह पंचायत राजेश नेगी, उपप्रधान तेंजिन दोर्जें नेगी, जिला परिषद सदस्य पूह वार्ड शांता कुमार नेगी, महिला मंडल अध्यक्षा पूह कमला नेगी, वार्ड सदस्य तेंजिन रापटन से कहा कि क्षेत्र में तेंदुओं की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण खौफ के साये में जी रहे हैं। रिहायशी क्षेत्रों में तेंदुए के घूमने से खतरा बना हुआ है। स्कूली बच्चे और ग्रामीण घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द पिंजरे स्थापित करने की मांग उठाई है, ताकि कोई अनहोनी घटना पेश न आए और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
फिलहाल, इस बारे कोई सूचना नहीं मिली है। यदि ऐसी कोई समस्या है तो श्यासो में पिंजरा रखा हुआ है। लोगों की समस्याओं को देखते हुए शीघ्र पिंजरा स्थापित किया जाएगा।
- कंवर सिंह कायथ, रेंज अधिकारी, वन विभाग पूह