रामपुर बुशहर। पशुपालन विभाग रामपुर ने देवनगर, नोगली और नरेण बाहली में शनिवार को एक दिवसीय रैबीज जागरुकता अभियान चलाया। इसमें नोगली में पशु सखी ममता, देवनगर में सुनीता और नरेण बाहली में कपीला ने लोगों को रैबीज के बारे में जानकारी दी। पशु सखी ममता ने डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को रैबीज के रोकथाम और बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि रैबीज कुत्ते, बिल्ली सहित अन्य जानवरों के काटने से फैलता है। कुत्ते और बिल्ली का चाटना घातक हो सकता है। व्यवहार में परिवर्तन, लार टपकाना, काटने के लिए दौड़ना सहित अन्य परिवर्तनों में लोगों को सतर्क होना चाहिए। उनके बर्ताव में बदलाव देखने को मिले तो पशु सखियों ने ग्रामीणों को कुत्ते और बिल्ली को वैक्सीनेशन और पालतू कुत्तों को नियमित रूप से टीकाकरण लगाने की सलाह दी। चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रैबीज रोकथाम के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें पशु सखियां ग्रामीणों को रैबीज के बारे में जानकारी दे रही हैं, ताकि लोगों को रैबीज जैसी बीमारी के बारे में जागरूक किया जा सके।
नोगली में ग्रामीणों को घर घर जाकर रेबीज बारे में जागरूक करते पशुपालन विभाग के पशु सखियां ।