उद्घाटन के एक साल बाद भी गौसांगो–जिस्कूण मार्ग पर बस सेवा शुरू न होने से ग्रामीण परेशान
पीठ पर सामान उठा कर पैदल चलने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
डोडरा-क्वार के गौसांगो से जिस्कूण तक सड़क बड़े वाहनों के लिए पास हो चुकी है, लेकिन इस रूट पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा फेल साबित हो रही है। गौसांगो-जिस्कूण सड़क के उद्घाटन को एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते जाखा, जिस्कूण, धारा, भाऊटा समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को करीब छह से सात किलोमीटर पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण पर लोक निर्माण विभाग लाखों रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन परिवहन सुविधा नहीं मिलने से सड़क का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में टैक्सी सेवा भी उपलब्ध नहीं है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और मरीजों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आवश्यक कार्यों, उपचार और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। डोडरा-क्वार जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य मंजीत सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों से गौसांगो–जिस्कूण मार्ग पर शीघ्र नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब लोगों को सुगम और नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने सरकार से ग्रामीणों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का शीघ्र समाधान करने और क्षेत्र के लोगों को राहत प्रदान करने का आग्रह किया है।