चौपाल (रोहडू)। ग्राम रोजगार सेवक संघ चौपाल ने प्राकृतिक आपदा में काल का ग्रास बने लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। दो दिन पूर्व आपदा की मार हिमाचल प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक के परिवार पर भी पड़ी है। इसमें विकास खंड करसोग के ग्राम रोजगार सेवक जीतराम भी आपदा के शिकार हुए हैं। चौपाल विकास खंड के ग्राम रोजगार सेवकों ने वीरवार को विकास खंड चौपाल प्लास्टिक पार्क में शोक सभा आयोजित की और मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष मोहिंदर नामटा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवकों के साथ इससे पहले भी कई घटनाएं घटी हैं, जो बहुत दुखद हैं। संघ के पदाधिकारियों ने सरकार और विभाग से अपील की है कि मृतक जीतराम के परिवार को करुणामूलक आधार पर नौकरी दी जाए। संघ ने सरकार से मांग उठाई कि ग्राम रोजगार सेवकों को ग्रामीण विकास विभाग में पंचायत सचिव के पदों पर मर्ज किया जाए। चौपाल और कुपवी के ग्राम रोजगार सेवकों ने स्वर्गीय जीत राम के परिजनों को 14 हजार रुपये की राशि सहायता के रूप में दी। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष राकेश शुक्ला, नरेश शर्मा, प्रताप चौहान, भागमल खागटा, ज्ञान रावत, दिला राम, राजिंदर, रीना, कल्पना, प्रकाश, जगत, अत्तर तोमर मौजूद रहे। संवाद