सरपारा स्थित नौ नाग झील के सौंदर्यीकरण के लिए जल्द जारी होगी राशि : विक्रमादित्य
दुर्गम क्षेत्र सरपारा का दौरा कर मंत्री ने नुकसान का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन वीरवार को लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के दुर्गम क्षेत्र 15/20 की सरपारा पंचायत का दौरा किया। आपदा प्रभावित कांधार गांव के ग्रामीणों ने मंत्री को अपना दुखड़ा सुनाया। असुरक्षित घोषित किए गए कांधार गांव के ग्रामीणों को सुरक्षित जगह बसाने की मांग की। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों को बहाल करने और नई सड़कों के निर्माण का मुद्दा उठाया।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह वीरवार शाम को सरपारा पंचायत पहुंचे। उन्होंने पंचायत के बाढ़ प्रभावित कांधार गांव के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जल्द बाढ़ से बेघर हुए ग्रामीणों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने सरपारा पंचायत में स्थित नौ नाग झील के सौंदर्यीकरण को लेकर भी जल्द धनराशि जारी करने की बात कही। पंचायत प्रधान मोहन कपाटिया और उपप्रधान चुन्नी लाल परशेटका ने लोक निर्माण मंत्री को मांगपत्र सौंपते हुए कहा कि उक्त पंचायत को जोड़ने वाली सड़क में जिसका डेढ़ किलोमीटर हिस्सा निरमंड खंड के अधीन आता है, को अभी तक पक्का नहीं किया गया है। यहां ग्रामीणों को आवाजाही करना खतरों भरा बना रहता है। इस पर लोक निर्माण मंत्री ने आदेश दिए कि तुरंत इस बचे हुए हिस्से को पक्का करें। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यहां पर नाग झील के सौंदर्यीकरण पर करीब 60 लाख की राशि खर्च होनी प्रस्तावित है। इस मांग पर भी उन्होंने गौर करने की बात कही। वहीं सरपारा से लबाना सदाना वाहन योग्य सड़क का निर्माण, कांधार आपदा प्रभावितों को धर्मचा गांव में बसाने, सुघा-मलोआ सड़क निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान करने, सिक्कासेरी से शिरमचा वाहन योग्य सड़क निर्माण, सौर से टिकरीधार वाहन योग्य सड़क बनाने की मांग उठाई। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों ने सरपारा स्कूल में स्टाफ की कमी को दूर करने, आयुर्वेदिक औषधालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की तैनाती करने की मांग उठाई। सभी मांगों पर लोक निर्माण मंत्री ने गौर करने की बात कही।
इस मौके पर विधायक नंदलाल, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, जिप सदस्य त्रिलोक भलूनी, पंचायत समिति अध्यक्ष अविनाश, धारगौरा पंचायत प्रधान अजय राणा आदि मौजूद रहे।