नित्थर (कुल्लू)। कंडगाई-नित्थर सड़क पर हिमारी-कुठेड़ में कंक्रीट के कार्य को वाहनों की आवाजाही से नुकसान पहुंच रहा है। लोक निर्माण विभाग सड़क पर कंक्रीट का कार्य कर रहा है। रात को एक वाहन इसके ऊपर से गुजर गया। इसकी फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हालांकि वाहन का नंबर स्पष्ट रूप से कैमरे में दर्ज नहीं हो पाया। उपमंडल अधिकारी निरमंड जगदीप कंवर के आदेशानुसार इस सड़क को 10 अक्तूबर तक छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों की आवाजाही के लिए बंद रखा है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी करते हुए रात के समय वाहनों को ताजा कंक्रीट के ऊपर से निकाल रहे हैं। इससे सड़क के निर्माण कार्य को नुकसान पहुंच रहा है। लोक निर्माण विभाग नित्थर उपमंडल की ओर से करीब 360 मीटर सड़क पर कंक्रीट पेव वर्क करवाया जा रहा है। कुठेड़ पंचायत के उप प्रधान विनोद ठाकुर, स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब के अध्यक्ष दलीप ठाकुर, सतपाल ठाकुर, नीत सिंह ठाकुर, सेम ठाकुर, राजेश और देवेंद्र कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि जब तक कंक्रीट अच्छी तरह से पक नहीं जाता, तब तक सड़क पर किसी भी प्रकार का वाहन न चलाएं। कहा कि सड़क सभी की सुविधा के लिए तैयार की जा रही है, इसलिए निर्माण कार्य को नुकसान पहुंचाने से बचना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। लोक निर्माण विभाग नित्थर के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु कटोच ने कहा कि लोगों को इस तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए। सड़क को पर्याप्त समय तक पकने देना जरूरी है। 10 अक्तूबर के बाद सड़क सभी वाहनों के लिए बहाल कर दी जाएगी। तब तक किसी भी वाहन को मार्ग से न ले जाएं।