रघुपुर फोर्ट में कैंपिंग हटाने पर बवाल, युवा मोर्चा ने आंदोलन का किया एलान
. हमारी जमीन, हमारा रोजगार, वन विभाग की मनमानी नहीं चलेगी : भजन सिंह भजी
. दर्जनों स्थानीय युवा और कारोबारी हो रहे प्रभावित, आजीविका पर संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रघुपुर फोर्ट में वन विभाग की ओर से कैंपिंग हटाने के फरमान के बाद आनी में सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा युवा मोर्चा आनी ने वन विभाग की कार्रवाई को जोर-जबरदस्ती करार देते हुए बड़े आंदोलन का एलान किया है। वन विभाग ने हाल ही में रघुपुर फोर्ट क्षेत्र में चल रही पर्यटक कैंपिंग को अवैध बताते हुए हटाने के निर्देश जारी किए हैं। इस आदेश से क्षेत्र के दर्जनों स्थानीय युवा और कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं जिनकी आजीविका पूरी तरह पर्यटन पर निर्भर है। इसको लेकर भाजपा युवा मोर्चा आनी के अध्यक्ष एवं पूर्व उपप्रधान ग्राम पंचायत फनौटी भजन सिंह भजी ने वन विभाग के फैसले पर कड़ा एतराज जताया है। भजन सिंह ने कहा कि रघुपुर फोर्ट हमारी जमीन है, हमारा वन क्षेत्र है और हमारी वन संपदा है। इस पर सिर्फ और सिर्फ हमारे क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय जनता का पहला अधिकार है। वन विभाग की मनमानी और जोर-जबरदस्ती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वन विभाग ने कैंपिंग उखाड़ने की कार्रवाई की, तो रघुपुर की जनता और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एसडीएम आनी कार्यालय के बाहर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि हम किसी भी बिचौलिए के हाथों रघुपुर टूरिज्म को बिकने नहीं देंगे। भजन सिंह ने कहा कि वह रघुपुर टूरिज्म के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। हम हर समस्या और हर मोड़ पर स्थानीय युवाओं के साथ लड़ने के लिए तैयार हैं। स्थानीय कारोबारियों, युवाओं और पर्यटन पर निर्भर सैकड़ों परिवारों की आजीविका से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। रघुपुर फोर्ट के कारोबारियों का रोजगार छिनने नहीं दिया जाएगा। भजन सिंह भजी ने बताया कि आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार युवाओं के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं और भाजपा युवा मोर्चा हर कदम पर उनके साथ है। युवा मोर्चा ने वन विभाग से मांग की है कि वह एकतरफा कार्रवाई करने के बजाय स्थानीय युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी समाधान निकाले।