20 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला, पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी पूह पहुंचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर के शलखर क्षेत्र के समीप स्पीति नदी में अज्ञात शव मिला। तेज धारा में बहता हुआ शव शलखर के पास बीच नदी में फंस गया। लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार दोपहर शव को नदी से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व एडीएम पूह घनश्याम दास शर्मा ने किया। अभियान में किन्नौर पुलिस, पुलिस क्यूआरटी टीम, होमगार्ड और 19वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवान शामिल रहे। थाना पूह के एएसआई कपिल देव और होमगार्ड के वरिष्ठ प्लाटून कमांडर बुद्ध राज सहित कई जवानों ने रेस्क्यू में भाग लिया।
प्रशासन के अनुसार, शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी पूह भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि 20 घंटे के लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को बरामद किया गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।