रामपुर बुशहर। देश के विभिन्न राज्यों को रोशन करने वाले हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में अभी भी लोग बिजली संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
हजारों मेगावाट विद्युत का उत्पादन करने के बाद भी प्रदेश के कई ग्रामीण इलाकों में विद्युत के अघोषित कट लग रहे हैं। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है। रामपुर शहर के साथ सटी जगातखाना और ब्रौ पंचायत में लग रहे बिजली के अघोषित कटों से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। आए दिन घंटों बिजली गुल रहती है।
ब्रौ, जगातखाना और साथ लगती पंचायतों में विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए करोड़ों की राशि व्यय की गई। क्षेत्र को नोगली के साथ-साथ कोटला सब स्टेशन से भी जोड़ा गया। नए खंभे, ट्रांसफार्मर और लाइन बिछाने के बाद भी बिजली के अघोषित कट और लो वोल्टेज की समस्या बरकरार है। दिन हो या फिर रात कभी भी बिजली गुल हो जाती है। बिजली गुल होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और कर्मचारी वर्ग को हो रही है।
सुबह सवेरे बत्ती गुल होने के कारण स्कूल, कार्यालयों को जाने वाले लोग परेशान हैं। बिजली के बिना लोगों के रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कार्यालयों और बैंकों में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है। विद्युत बोर्ड प्रबंधन से गुहार लगाने के बावजूद विद्युत आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों मोहर सिंह, रघुदास, डोला सिंह, शंकर दास, पंकज कुमार, अनिल नेगी, ओम प्रकाश, दलजीत सिंह, जय सिंह, रूप लाल आदि ने विद्युत बोर्ड से समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग उठाई है। विद्युत बोर्ड निरमंड के एक्सईएन विजय कुमार ठाकुर ने कहा कि विद्युत आपूर्ति में जल्द सुधार किया जाएगा। संवाद