1.21 करोड़ की पेयजल योजना और 87.34 लाख रुपये से बने लखवी-शमुखर संपर्क मार्ग का किया लोकार्पण
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)।
कोटखाई उपमंडल के उबादेश क्षेत्र में पेयजल योजना और सड़क की सौगात मिली है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित रामनगर खड्ड से खोला-कुइनल उठाऊ पेयजल योजना और 87.34 लाख रुपये से बने लखवी-शमुखर संपर्क सड़क का उद्घाटन किया। पेयजल योजना से खोला-कुइनल के साथ पंचायत नगाण के आसपास के गांवों को भी लाभ मिलेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती जनसंख्या के कारण प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। पारंपरिक जल स्रोत सूख रहे हैं और लोगों की जरूरतें पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस योजना का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 38.08 करोड़ रुपये की लागत से पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना तैयार की गई है। 17 किलोमीटर लंबी इस योजना से क्षेत्र की करीब 23 पंचायतें लाभान्वित हो रही हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपये की अन्य पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है, जिन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने 87.34 लाख रुपये से निर्मित लखवी-शमुखर संपर्क मार्ग भी जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क से ठियोग और कोटखाई क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। सड़क बनने से शर्मला पहुंचने की दूरी काफी कम हो जाएगी। पहले उबादेश के लोगों को शर्मला पहुंचने के लिए छैला होकर जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में सड़क और भवन निर्माण पर वर्तमान में 850 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। आने वाले समय में यह आंकड़ा एक हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
डोम देवता का लिया आशीर्वाद
इस दौरान ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने शर्मला पहुंचकर डोम देवता का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि डोम देवता कोटखाई और ठियोग दोनों क्षेत्रों के लोगों के आराध्य हैं। शर्मला और पूरे उबादेश क्षेत्र का दिवंगत नेता ठाकुर रामलाल से भी विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है। विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने सड़क निर्माण के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शर्मला दोनों क्षेत्रों के लोगों की साझा आस्था का केंद्र है। उन्होंने भविष्य में इस स्थान को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास करने की बात कही। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, बीडीसी अध्यक्ष विजय राजटा, उपाध्यक्ष सुनील राजटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।