एसएमसी की बैठक में उठा रिक्त पदों का मुद्दा
कई छात्राओं को अपनी पसंद के विषय छोड़कर आर्ट्स पढ़ने पर मजबूर होना पड़ रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हलाऊ में टीजीटी मेडिकल और नॉन मेडिकल के दो पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इस कारण छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका स्कूल से पलायन हो रहा है। स्कूल प्रबंधन समिति ने इन पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की है। रविवार को समिति की बैठक अध्यक्ष सोहन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से इन रिक्त पदों पर चर्चा की गई। स्कूल में टीजीटी मेडिकल का पद वर्ष 2018 से खाली है। वहीं, टीजीटी नॉन मेडिकल का पद वर्ष 2022 से रिक्त पड़ा है। इन महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विशेषकर, मेडिकल और नॉन मेडिकल के छात्रों को मजबूरन स्कूल छोड़ना पड़ रहा है। नेरवा स्थित निकटतम पाठशाला 22 किलोमीटर दूर है। इस दूरी के कारण विशेषकर छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है। कई छात्राओं को अपनी पसंद के विषय छोड़कर आर्ट्स पढ़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है। स्कूल प्रबंधन समिति ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से आग्रह किया है। समिति ने इन दोनों पदों को तुरंत भरने की मांग की है।