राष्ट्रीय योगासन जज प्रशिक्षण में झाकड़ी और ठियोग के शिक्षकों ने पाया सफल प्रशिक्षण। स्रोत : जा
. गीता ज्ञान संस्थान कुरुक्षेत्र में देश भर से आए प्रतिभागियों ने सीखी बारीकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। हरियाणा के गीता ज्ञान संस्थान कुरुक्षेत्र में पांच दिन तक 6वीं राष्ट्रीय योगासन निर्णायक प्रशिक्षण कार्यक्रम (लेवल कोर्स) 2025–26 का आयोजन हुआ। इसमें झाकड़ी और ठियोग के दो शिक्षकों ने राष्ट्रीय योगासन जज परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का नाम चमकाया है। योगासन भारत के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया। शिविर में योगासन खेल के अंतरराष्ट्रीय मानकों, स्कोरिंग प्रणाली, प्रतियोगिता संचालन, तकनीकी नियमों और निर्णायक की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से देश को 157 नए प्रमाणित तकनीकी जज प्राप्त हुए। चयनित प्रतिभागियों में रामपुर के डीपीएस स्कूल झाकड़ी की खेल शिक्षक रंजना देवी और ठियोग से ध्यान सिंह भंडारी शामिल रहे। दोनों ने यह परीक्षा पास कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। समापन समारोह में हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन एवं योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि योगासन आज वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित हो चुका है और भारत इसकी अगुवाई कर रहा है। हिमाचल प्रदेश भारत योगासन के पदाधिकारी डाॅ. विवेक सूद राज्य महासचिव, विनोद कुमार संयुक्त सचिव विनोद कुमार, अजय शर्मा टेक्निकल निदेशक और लकी वालिया आईटी एवं मीडिया प्रमुख ने सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में प्रदेश योगासन के क्षेत्र में और अधिक उपलब्धियां प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी जज के रूप में प्रमाणन प्राप्त होने से अब हिमाचल प्रदेश में योगासन प्रतियोगिताओं का संचालन और अधिक पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ होगा। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर अवसर मिल सकेंगे।