आनी (कुल्लू)। यूथ क्लब की ओर से खेल मैदान आनी में रॉयल कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को पहला मुकाबला साइलेंट स्ट्राइकर बखनाओ और नागा स्पोर्ट्स क्लब चपलांडी टीम के मध्य खेला गया। बखनाओ टीम ने पहले खेलते हुए आठ ओवर में 77 रन बनाए। चपलांडी टीम ने छह ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। दूसरा मैच ब्लैक पैंथर थाची वैली और सीरीगढ़ स्पोर्ट्स क्लब गलोग टीम के बीच खेला गया। थाची वैली ने मुकाबला जीता। क्लब के मुख्य संयोजक संदीप ठाकुर ने कहा कि पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम को 2.22 लाख रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उपविजेता टीम को 1.11 लाख रुपये और ट्रॉफी से पुरस्कृत करेंगे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक इनामों से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और खेल सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।