रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा के बीवॉक (हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म) के दो विद्यार्थियों का चयन क्लब महिंद्रा सीएमईटी प्रोग्राम के लिए हुआ है। ममता गजटा और सुनीत ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच यह उपलब्धि हासिल की है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से 500 से अधिक अभ्यर्थियों ने इस प्रोग्राम में भाग लिया था। अंतिम चयन में केवल चार विद्यार्थियों को चुना गया, जिनमें से दो राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा के हैं। सीएमईटी प्रोग्राम पूरा करने के बाद दोनों विद्यार्थियों को क्लब महिंद्रा में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर नियुक्ति मिलेगी। इससे उन्हें आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में प्रबंधकीय स्तर पर कॅरिअर शुरू करने का अवसर मिलेगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रेम प्रकाश चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। महाविद्यालय कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर कॅरिअर अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।