ननखड़ी की खमाडी पंचायत के टांगरी गांव में आग की भेंट चढ़ा दो मंजिला मकान।
- फोटो : RAMPUR-HP
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। ननखड़ी खंड की खमाड़ी पंचायत के टांगरी गांव में शुक्रवार को दोमंजिला लकड़ी का मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की है।
ननखडी में अड्डू पंचायत के बाद शुक्रवार को खमाड़ी पंचायत में आग लगने का मामला पेश आया है। टांगरी गांव में एक घर जलकर राख हो गया। घर में करीब 11 बजे आग लगी। टांगरी गांव के प्रेम सिंह के घर में आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से दोपहर दो बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार ननखड़ी वीना ठाकुर भी मौके पर पहुंची। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
तहसीलदार वीना ठाकुर ने बताया कि दोमंजिला मकान में लगी आग में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से 20 हजार रुपये की फौरी मदद जारी की गई है।