गवास पंचायत के उपप्रधान रविंद्र सिंह निक्कू की अगुवाई में एसडीएम को भेजी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
गवास पंचायत के 40 ग्रामीणों ने दो व्यक्तियों पर गलत पते के आधार पर शस्त्र लाइसेंस बनवाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने रोहड़ू के एसडीएम को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह शिकायत गवास पंचायत के उपप्रधान रविंद्र सिंह निक्कू की अगुवाई में भेजी गई है। शिकायत में अमीर हमजा और मीर हमजा नामक दो व्यक्तियों का उल्लेख है। इन पर ग्राम बागी और चट्टूधानी, ग्राम पंचायत गवास के पते का इस्तेमाल कर शस्त्र लाइसेंस बनवाने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि ये दोनों व्यक्ति ग्राम बागी या गवास पंचायत के निवासी नहीं हैं, इसलिए उनके लाइसेंस में इन गांवों का पता दर्ज होना जांच का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिस और संबंधित विभाग के माध्यम से पते का मौके पर सत्यापन करवाने की मांग की है। उन्होंने वास्तविक निवास स्थान और लाइसेंस के लिए प्रस्तुत दस्तावेज की भी जांच का आग्रह किया है। शिकायत में कहा गया है कि यदि लाइसेंस गलत या फर्जी पते पर पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई हो। लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच का आग्रह किया है। उनकी मांग है कि यदि कोई अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो। शस्त्र लाइसेंस जैसे संवेदनशील मामलों में आवेदक के पते और दस्तावेज का सही सत्यापन आवश्यक है। शिकायत पर करीब 40 ग्रामीणों के नाम और हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को भी अपने स्तर पर आर्म्स एक्ट के तहत निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को संबंधित हथियार लाइसेंस, लाइसेंसधारकों और आवेदकों के पते का सत्यापन करना होगा। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- धर्मेश रमोत्रा, एसडीएम, रोहड़ू