two died in accident in himachal and uttrakhand
आनी (कुल्लू)। सेब लेकर जा रहे दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई है जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 11:00 बजे टेपों बारवी से परवाणु के लिए एचपीएमसी का सेब लेकर जा रहा था। इसी बीच ओवरी डांक के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए रामपुर अस्पताल ले जाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चालक संतोष कुमार को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल रामपुर अस्पताल में उपचाराधीन है। डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं नेरवा से सेब लेकर उत्तराखंड के देहरादून मंडी जा रही एक जीप मीनस-क्वानू-विकासनगर मार्ग पर टिकरधार के समीप अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
इस हादसे में वाहन चालक पवन निवासी ग्राम डिडो सिरमौर की मौत हो गई, जबकि ख्याली राम निवासी ग्राम नेरवा गंभीर रूप से घायल है। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उपचार के लिए विकासनगर अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में जीप में लदा लाखों रुपए का सेब भी बरबाद हो गया। नायब तहसीलदार केशव दत्त जोशी ने बताया हादसे में मृतक चालक की पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।
-----------------------------------------------------------