ऑनलाइन फिटनेस नहीं दिखने पर उद्योग प्रबंधक कर रहे इंकार
परिवहन विभाग के ऑनलाइन एप एम परिवहन में आई दिक्कत
बीबीएन के कई ट्रक ऑपरेटर परेशान, ट्रक खड़े करने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। परिवहन विभाग के एम परिवहन ऐप में फिटनेस प्रमाण पत्र दिखाई न देने से ट्रक चालकों को कई उद्योग प्रबंधकों ने माल भरने से इंकार कर दिया है। विभाग के एम परिवहन एप अपडेट न होने से ट्रक संचालकों को यह दिक्कत आ रही है। वहीं यह समस्या वर्ष 2022 और 23 में खरीदे गए नए ट्रकों में आ रही है। इन्हीं के प्रमाणपत्र अपडेट नहीं हो रहे।
बुधवार शाम से एम परिवहन में ऑनलाइन देखने पर फिटनेस प्रमाणपत्र दिखाई नहीं दे रहा। वीरवार को भी कई ट्रक ऑपरेटरों ने प्रयास किया, मगर कोई फायदा नहीं हुआ। जिससे उद्योग प्रबंधक ने ट्रकों में माल भरने से इंकार कर दिया।
ट्र्रक ऑपरेटरों का कहना है कि कई ट्रक संचालकों को पास फिटनेस प्रमाणपत्र की हार्ड कॉपी तो है, लेकिन ऑनलाइन देखने पर दिखाई नहीं दे रहा। ऐसे में उद्योग प्रबंधक ट्रकों को काम देने में आनाकानी कर रहे हैं। ट्रक ऑपरेटर दलजिंद्र सिहं, ऋषभ शर्मा, वीरेंद्र ने बताया कि जिन लोगों ने हाल में ही पासिंग कराई है। वीरवार को उनकी फिटनेस ऑनलाइन नहीं दिख रही है। जबकि ट्रक ऑपरेटरों के पास फिटनेस प्रमाण पत्र है। ऐसे में ऑनलाइन दिखाई न देने पर उद्योग प्रबंधक इनकी फिटनेस पर सवाल उठा रहे हैं।
ट्रक ऑपरेटर अभिनव ने बताया कि यह समस्या बुधवार से आई है। उन्होंने अप्रैल माह में अपनी गाड़ी की फिटनेस और पासिंग कराई थी लेकिन जब उन्होंने ऑनलाइन देखा तो वह पुरानी फिटनेस दिखा रहा है। दलजिंद्र सिंह ने बताया क उन्होंने 10 दिन पहले पासिंग करवाई थी, लेकिन वीरवार को जब ऑनलाइन इसकी जांच की तो एम परिवहन एप में यह दिखाई नहीं दी। जब वह उद्योग में ट्रक भरवाने गए तो उन्होंने ऑनलाइन ट्रक के सभी दस्तावेज जांचे, मगर इसमें उनका फिटनेस प्रमाणपत्र दिखाई न देने पर उन्होंने माल भरने से इंकार कर दिया। ट्रक यूनियन के महासचिव डीके कौशल ने बताया कि जब ट्रक ऑपरेटरों के पास असली फिटनेस प्रमाण पत्र है तो उसके आधार पर गाड़ी भरी जानी चाहिए।
उधर, कार्यकारी आरटीओ विद्या देवी ने बताया कि उनके पास अभी तक ऐसी किसी भी ट्रक संचालक की शिकायत नहीं आई है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच की जाएगी, ताकि किसी भी ट्रक ऑपरेटर को दिक्कत न हो।