बौंडा सराहन मे आईटीबीपी की 19वीं वाहनी के स्थापना दिवस पर सलामी लेते कंमाडेंट। संवाद
आईटीबीपी की 19वीं वाहिनी ने मनाया स्थापना दिवस, कंमाडेंट श्रीपाल ने ली परेड की सलामी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 19वीं वाहिनी ने बौंडा सराहन में 37वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्रीपाल की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट ने वाहिनी स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वाहिनी के मैदान में सुसज्जित परेड की सलामी ली गई। परेड का नेतृत्व सहायक सेनानी नवनीत सिंह ने किया। श्रीपाल ने पदाधिकारियों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वाहिनी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 19वीं वाहिनी को वीरता के लिए एक शौर्य चक्र, एक सेना मेडल, तीन राष्ट्रपति पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री और 32 पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री प्राप्त हो चुके हैं।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वाहिनी के पदाधिकारियों, उनके परिवारजनों और बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इसमें सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वाहिनी के क्षेत्राधिकार में रहने वाले सेवानिवृत्त पदाधिकारियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप-सेनानी जीडी अखिलेश ठाकुर, देशराज, सहायक सेनानी अभियंता नवनीत सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेहा राघव और सूबेदार मेजर जसवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।