रिकांगपिओ में बैठक के बाद लिया फैसला
कल्पा, निचार और पूह खंड में होंगे ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में अंडर-19 वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 27 और 29 सितंबर को ट्रायल लिए जाएंगे। इस साल भारी बारिश और आपदा के कारण खेल कैलेंडर में बदलाव किया गया है। संशोधित योजना के अनुसार इस बार सभी शिक्षा खंडों में केवल ट्रायल ही होंगे, ताकि योग्य खिलाड़ियों का चयन सही समय पर किया जा सके। ट्रायल का आयोजन तीन अलग-अलग खंडों में किया जाएगा। पूह खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञाबुंग, कल्पा खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्पा और निचार खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उरनी में ट्रायल लिए जाएंगे। सभी ट्रायल केंद्रों पर खेल प्रभारी और ऑफिशियल्स की नियुक्ति कर दी गई है, जिससे चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके।
यह महत्वपूर्ण निर्णय एडीपीईओ पवन कुमार सेकेंडरी शिक्षा जिला किन्नौर और जिला खेलकूद संघ अध्यक्ष एवं उपनिदेशक सेकेंडरी कुलदीप सिंह डोगरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
बॉक्स
जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की घोषणा
ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। छात्रों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं एक से तीन अक्तूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्पा में होंगी। वहीं, छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिताएं सात से नौ अक्तूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांगला में आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा राज्य स्तरीय खेलकूद स्पर्धाएं 15 अक्तूबर से शुरू होंगी।