शिकायत मिलते ही वन विभाग ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। नावर क्षेत्र के अंतर्गत टिक्कर के नरैण गांव के पास हरे-भरे पेड़ काटने का मामला सामने आया है। आरटीआई कार्यकर्ता सुरेंद्र पापटा ने वन विभाग को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाए है कि टिक्कर के नरैण गांव के पास शरौंथा सड़क के किनारे बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों की अवैध कटाई की गई है। काटे गए पेड़ों के कुछ अवशेषों को पूरी तरह से काट दिया गया है, जबकि कुछ पर मिट्टी डालकर नष्ट करने की कोशिश की गई है। लगभग 8 से 10 पेड़ अभी भी मौके पर खड़े हैं और उन पर मार्किंग की गई है। डीएफओ रोहड़ू रवि शंकर शर्मा ने बताया कि मेरे पास पेड़ कटान की शिकायत आई है। फील्ड स्टाफ को जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।