नारकंडा, जलोड़ी जोत में दो एनएच सहित दर्जनों ग्रामीण रूट ठप
दूसरे दिन भी 33 रूटों पर नहीं दौड़ीं निगम की बसें
रामपुर से शिमला और लांग रूटों पर वाया धामी होकर चलाई जा रहीं बसें
यातायात व्यवस्था ठप होने से जन जीवन प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। क्षेत्र में शुक्रवार को हुए हिमपात के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बर्फबारी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अधिकांश ग्रामीण रूट आवाजाही के लिए ठप हो गए हैं। भारी बर्फबारी से बाधित सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अभी भी प्रभावित बनी हुई है। शनिवार को भी नारकंडा में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 यातायात के लिए अवरुद्ध रहा। रामपुर से शिमला की ओर निगम की बसों को वाया धामी होकर चलाया जा रहा है।
जिला मुख्यालय कुल्लू को जोड़ने वाला एनएच-305 जलोड़ी जोत में दूसरे दिन भी बंद रहा। रामपुर डिपो से कुल्लू, मंडी, ननखड़ी सहित अधिकतर ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं ठप पड़ी हैं। सूबे में हुई पहली बर्फबारी ने सड़कों को आवाजाही के लिए पूरी तरह ठप कर दिया है। बर्फबारी से बाधित सड़कों के कारण शनिवार को हजारों लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यातायात व्यवस्था ठप होने के कारण भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
उपमंडल की अधिकांश सड़कों पर बर्फ जमने के कारण बसों को सुरक्षित स्थानों तक ही भेजा गया। बर्फबारी के चलते परिवहन निगम रामपुर डिपो के करीब 33 रूट प्रभावित हुए हैं। रामपुर-रोहड़ू सड़क सुंगरी में बर्फबारी के कारण ठप पड़ी है। इससे आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा ननखड़ी, कोटगढ़, कुमारसैन, 12/20, 15/20 क्षेत्र, मुनिश, काशापाट, किन्नू और मशनू रूट पर चलने वाली बसों को भी संभावित स्थानों तक ही भेजा जा रहा है।
सड़कों पर बर्फबारी और फिसलन के कारण निगम के चालक-परिचालकों को खतरे वाले रूटों पर जहां तक संभव हो, वहीं तक बसें ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि बर्फबारी के दूसरे दिन लंबी दूरी के रूटों पर चलने वाली बसों की नियमित आवाजाही जारी रही। ग्रामीण सड़कों पर अधिक बर्फबारी के कारण खतरा बना हुआ है। यातायात व्यवस्था ठप होने से हजारों ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ग्रामीण सड़कें बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें यातायात सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बर्फबारी के दूसरे दिन भी नारकंडा और जलोड़ी जोत में राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने के कारण निगम की बसों की आवाजाही नहीं हो पाई। रामपुर से शिमला और लंबी दूरी के रूटों पर चलने वाली बसों को वाया धामी होकर भेजा जा रहा है। उपमंडल के 33 ग्रामीण रूट अभी भी प्रभावित हैं। सड़कें बहाल होते ही बस सेवाएं सुचारू रूप से चला दी जाएंगी।
-स्वरूप दिवान, अड्डा प्रभारी, परिवहन निगम रामपुर डिपो