तीन पंचायतों की जनता दो महीने से सरकार के सस्ते राशन से वंचित
विज्ञापन
. जनता गैस सिलिंडर के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर गानवी खड्ड के पार पहले पीठ में, फिर भारी भरकम भाड़ा देकर ले जाने को मजबूर
. सरकार राशन और पुल निर्माण सामग्री ले जाने के लिए रोप वे तक नहीं लगा पाई
मोहन मेहता ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। गानवी खड्ड में अस्थायी यातायात के लिए आरसीसी पाइप तो पहुंच गए हैं लेकिन खड्ड में पुल (बेली ब्रिज) के निर्माण के लिए एबटमेंट का कार्य एक सप्ताह से बंद पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने गानवी खड्ड में ज्यूरी की तरफ की एबटमेंट का कार्य एक सप्ताह पहले पूरा कर दिया है। खड्ड की दूसरी तरफ गानवी की ओर निर्माण सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था न होने से एबटमेंट का निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। इसका खामियाजा क्षेत्र की तीन पंचायतों के ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। तीन पंचायतों के हजारों लोगों को उचित मूल्य की दुकानों में दो महीनों से सरकारी सस्ता राशन नहीं मिल पा रहा है। दो महीनों से यातायात ठप होने से परिवहन का खर्चा बढ़ने से गांव की दुकानों में सारा सामान महंगा मिल रहा है। ग्रामीणों को मजबूरन महंगे दामों में जरूरी खरीदारी करनी पड़ रही है। गैस सिलिंडर लेने के लिए क्याव से कूट तक की जनता को 10 से 20 किलोमीटर दूर खाली सिलिंडर लेकर गानवी खड्ड के इस पार पहुंचना पड़ रहा है। वहां से गैस सिलिंडर पहले पीठ में उठाकर खड्ड पर ले जाना पड़ रहा है और वहां से भारी भरकम भाड़ा देकर अपने घरों तक पहुंचना पड़ रहा है। यातायात ठप होने से ग्रामीणों, मरीजों, कर्मचारियों सहित छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की जनता ने सरकार से समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जल्द पुल का निर्माण करने की मांग उठाई है।
मौसम साफ होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। गानवी खड्ड में जलस्तर कम होते ही पाइप बिछाकर यातायात बहाल किया जाएगा। - राहुल जंजीहा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विभाग ने 26 आरसीसी पाइप गानवी पहुंचा दी है। अब लोक निर्माण विभाग इन पाइपों को खड्ड में बिछाकर यातायात को बहाल करवाएगा। - आशुतोष ठाकुर, अधिशासी अभियंता, गानवी परियोजना
गानवी में वैकल्पिक यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पहुंची आरसीसी पाइपें। संवाद