रोहड़ू। चिड़गांव के तांगणू-चिड़गांव मार्ग पर पथ परिवहन निगम के चालक के साथ ऑन ड्यूटी मारपीट करने का मामला सामने आया है। चालक के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के बानी पांडता गांव निवासी करम चंद ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह परिवहन निगम की रोहड़ू डिपो में चालक के पद पर कार्यरत है। 12 मई को वह एचआरटीसी की बस एचपी10ए- 7931 में चिड़गांव-तांगणू मार्ग पर ड्यूटी पर था। उस समय एक व्यक्ति धमवाड़ी में सड़क पर अपने वाहन एचपी 10बी-9765 को धो रहा था, जिससे सड़क बाधित हुई थी। जब उसे वाहन हटाने के लिए कहा तो व्यक्ति ने उसके साथ बहस शुरू कर दी और मारपीट की। उसकी वर्दी फाड़ दी और धमकियां भी दीं। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान बताया कि चालक के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले मेे आगामी कार्रवाई की जा रही है।