काजा (लाहौल-स्पीति)। विकास खंड काजा में चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों को सोमवार को प्रथम चरण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी काजा शिखा ने सभी अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए। काजा विकास खंड के तहत आने वालीं 14 पंचायतों के 72 मतदान केंद्रों में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 192 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इसमें 58 पीठासीन अधिकारी और 134 मतदान अधिकारी शामिल रहे। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी अंशुल शांडिल ने भी चुनाव प्रक्रिया संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को पूर्वाभ्यास स्थल पर ही मतपेटी की व्यावहारिक अभ्यास भी करवाई गई। इस मौके पर एसडीएम दिक्षित राणा, निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।