पावर ग्रिड ट्रांसमिशन लिमिटेड सीएसआर के तहत आईआईटी मंडी में 20 दिन करवाएगा प्रशिक्षण
विज्ञापन
. 23.71 लाख से संस्थान में शैक्षणिक सुविधाओं में होगा सुधार . कोपा के प्रशिक्षु शिक्षा में एआई के उपयोग में बनेंगे दक्ष संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रचोली के कोपा ट्रेड के 22 प्रशिक्षु अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक में दक्ष बनेंगे। इन प्रशिक्षुओं को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी में 20 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल पावर ग्रिड हिमाचल ट्रांसमिशन लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत की जा रही है। इसके लिए पावर ग्रिड और आईटीआई रचोली के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अपने मौजूदा कंप्यूटर और प्रोग्रामिंग कौशल के साथ एआई आधारित उपकरणों का प्रभावी उपयोग करना सिखाया जाएगा। इसमें आंकड़ों का विश्लेषण, एक्सेल पर काम को आसान बनाना, प्रोग्रामिंग संबंधी त्रुटियों की पहचान और उन्हें ठीक करना तथा रिपोर्ट, प्रस्तुतियां और व्यावसायिक ईमेल तैयार करना शामिल है। इसके अलावा विद्यार्थियों को कठिन विषयों को सरलता से समझने, जीवनवृत्त (बायोडाटा) तैयार करने और साक्षात्कार की तैयारी में एआई के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के अनुरूप दक्ष बनाना है। साथ ही उन्हें एआई का उपयोग केवल सहायक साधन के रूप में करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उनकी बुनियादी कंप्यूटर और प्रोग्रामिंग संबंधी समझ मजबूत बनी रहे और वे पूरी तरह एआई पर निर्भर न हों।
23.71 लाख रुपये से सुदृढ़ होंगी शैक्षणिक सुविधाएं
पावर ग्रिड की इस सीएसआर योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 23.71 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस राशि से प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण के साथ संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा। इसके तहत आईटी उपकरण, फर्नीचर और खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और व्यावहारिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं में होगा सुधार
संस्थान के प्रधानाचार्य रवि कुमार चौहान ने बताया कि पावर ग्रिड ट्रांसमिशन लिमिटेड के साथ हुए समझौते के तहत कोपा ट्रेड के 22 प्रशिक्षुओं को आईआईटी मंडी में 20 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। सीएसआर योजना के तहत स्वीकृत राशि से संस्थान में आईटी उपकरण, फर्नीचर और खेल सामग्री की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का ज्ञान मिलने के साथ संस्थान की शैक्षणिक सुविधाओं में भी सुधार होगा।