वजीर बावड़ी-निरमंड सड़क मार्ग के नजदीक देव ढाँक में ट्रैफिक जाम होने से लगी वाहनों की कतारें
ट्रैफिक जाम होने से आए दिन लोगों को हो रही परेशान
निरमंड (कुल्लू)। निरमंड बाजार में जाम से लोग परेशान हैं। इस समस्या का आज तक पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस समाधान नहीं किया। इसका खामियाजा प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली जनता को भुगतना पड़ रहा है। निरमंड बाजार में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। कई बार ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसें समय पर अपने-अपने स्थानों तक नहीं पहुंच पाती हैं। बाजार की सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन जाम का कारण बन रहे हैं। वजीर-बावड़ी से निरमंड तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर जाम की समस्या विकराल है। इसके अलावा निरमंड बस अड्डे की सड़क के किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से जाम लगता है। वजीर-बावड़ी से निरमड सड़क पर देव ढांक में सोमवार सुबह के समय ट्रैफिक जाम से लोगो को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। आनी के डीएसपी चंद्र शेखर कायथ ने बताया कि इस समस्या से जल्द निपटा जाएगा।