ठियोग में पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद बेतरतीब पार्किंग हटी, सुधरी यातायात व्यवस्था। संवाद
पुलिस ने तीन दिन चलाया अभियान, 100 से अधिक काटे चालान
सुनील ग्रोवर
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग कस्बे में अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई रंग लाई है। तीन दिन पुलिस ने लगातार कार्रवाई की और बेतरतीब सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर सख्ती दिखाई। पुलिस ने 100 से अधिक चालान किए हैं। कस्बे में अब यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक बेहतर हो गई है। प्रेमघाट और रहीघाट के बीच लगातार कार्रवाई के चलते सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों की संख्या में कमी आई है, जिससे कस्बे में ट्रैफिक व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर नजर आ रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने खास तौर पर बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई है। ठियोग कस्बे में लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को राहत मिली है। मुख्य बाजार में यातायात सुचारु होने से आवाजाही आसान हुई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सभी नियमों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद