कुफरी और फागू के बीच यातायात व्यवस्था का जायजा लेते एसएसपी शिमला संजीव गांधी। स्रोत : जागरूक पा
कुफरी, फागू के बीच यातायात व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग क्षेत्र में बर्फबारी के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर डीआईजी संजीव गांधी ने कुफरी और फागू में स्थिति का जायजा लिया। डीआईजी ने फागू से कुफरी तक सड़क का निरीक्षण किया और यहां तैनात पुलिस टीम की ओर से की जा रही यातायात व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। दौरे के दौरान डीआईजी ने बर्फबारी के कारण फिसलन भरे मार्गों, वाहनों की आवाजाही और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के समय यातायात नियंत्रण एक बड़ी चुनौती बन जाता है, ऐसे में पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभानी होगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। डीआईजी संजीव गांधी ने मौके पर मौजूद पुलिस टीमों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, वाहनों की नियमित जांच, ट्रैफिक डायवर्जन और जरूरत पड़ने पर मार्गों को अस्थायी रूप से बंद करने जैसे उपायों पर जोर दिया। इस अवसर पर एसएचओ ढली, एसएचओ ठियोग, पुलिस पोस्ट फागू के प्रभारी, डीएसपी ट्रैफिक और एसडीपीओ ठियोग सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एसएसपी को बर्फबारी के दौरान यातायात प्रबंधन, पर्यटकों को दी जा रही सहायता और सड़क पर फंसे वाहनों को निकालने की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। डीआईजी ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें, वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण रखें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।