. नाचते-गाते हुए मंदिर पहुंचे देवता साहिब और देवलू
. देव जाख के सानिध्य में मनाया जाएगा तीन दिवसीय मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की रचोली पंचायत में सावन मेले का शुभारंभ शुक्रवार से हुआ। देवता साहिब जाख मंदिर रचोली में सावन मेला मनाया जाएगा। रचोली मंदिर में देवलू संग देवता साहिब नाचते-गाते मंदिर पहुंचे। यहां पहुंचने पर देवता साहिब जाख और मंदिर कमेटी ने देवताओं का स्वागत किया। वहीं, दत्त महाराज बसाहरा, देवता साहिब महारुद्र गसो और देवता साहिब शिंगला ने शिरकत कर मेले की शोभा बढ़ाई। शुक्रवार दोपहर बाद देव जाख मंदिर रचोली में सभी देवता साहिब पहुंचे। नाचते-गाते हुए देवता और देवलू मंदिर परिसर पहुंचे, जहां पर देव जाख और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। शनिवार और रविवार को मंदिर में ग्रामीण और देवलू ढोल-नगाड़ों की थाप पर खूब झूमेंगे। वहीं, महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर महानाटी डालेंगी। दिनभर मंदिर में वाद्ययंत्रों की धुनों पर लोग थिरकेंगे। ग्रामीण और देवलू ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाटियों का दौर चलाएंगे। रचोली पंचायत के उपप्रधान ज्योति लाल साहनी ने कहा कि देव जाख मंदिर रचोली में तीन दिवसीय पारंपरिक सावन मेला देव आगमन के साथ शुरू हुआ। मेले में स्थानीय देवता के अलावा तीन अन्य आराध्य देवता साहिब भी मेले में पहुंचे हैं।