दिल्ली में राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार से मिलते चेतन बरागटा। स्रोत : जागरूक पाठक
. दिल्ली में सांसद सुरेश कश्यप और डॉ. सिकंदर कुमार से मिले चेतन बरागटा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा नेता चेतन सिंह बरागटा ने नई दिल्ली में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और गुम्मा में नई एलपीजी गैस एजेंसी खोलने की मांग को प्रमुखता से उठाया।चेतन बरागटा ने दोनों सांसदों को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि कोटखाई स्थित गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते लोगों को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुम्मा में गैस एजेंसी खुलने से जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विशेषकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गैस सिलिंडर लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। गुम्मा में गैस एजेंसी स्थापित होने से लोगों को घर के नजदीक गैस सुविधा उपलब्ध होगी और समय व धन दोनों की बचत होगी। सांसद सुरेश कश्यप ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह इस मामले को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस विषय के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। चेतन बरागटा ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई की जनता से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सांसद सुरेश कश्यप और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि गुम्मा में गैस एजेंसी खोलने की मांग पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी।