चिल्ला-चपांदली सड़क पर यहां से गिरा टिप्पर। संवाद
शाम करीब साढ़े पांच बजे मिट्टी की डंपिंग करते हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)। चौपाल में रविवार शाम को चिल्ला-चपांदली सड़क पर मिट्टी की डंपिंग के दौरान एक टिपर अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। इस हादसे में टिपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। टिपर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे हामलटी खड्ड में जा गिरा। मृतक चालक की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है। वह डोडा, जम्मू-कश्मीर का निवासी था। टिपर संख्या एचपी 63 डी-1357 में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। हादसे की सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल चौपाल पहुंचाया। चौपाल पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।