किसान-बागवानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में भी मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ननखड़ी तहसील की लाइफ लाइन कही जाने वाली टिक्कर-खमाड़ी सड़क 55 करोड़ की राशि से चकाचक होगी। सड़क का कायाकल्प होने से तहसील की 17 पंचायतों को लाभ मिलेगा। इसके लिए भाजपा के नेता कौल सिंह नेगी ने मोदी सरकार, मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह मदद क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है। निश्चित रूप से अब क्षेत्र में रुके विकास कार्यों को गति मिलेगी। नेगी ने कहा कि इससे पहले भी इस सड़क के मरम्मत कार्य के लिए पूर्व जयराम सरकार ने 10 करोड़ की राशि दी थी। भाजपा सरकार ने इस सड़क को एमडीआर में डाला था। केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव से सबका साथ सबका विकास के अपने मूल मंत्र के साथ प्रदेश की दिल खोल कर मदद कर रही है। बीते माह हिमाचल के लिए 92 हजार आवास प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिए। पिछले वर्ष आई आपदा के लिए दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की नकद आर्थिक मदद की। हाल ही में केंद्र सरकार ने एनडीआरएफ के तहत 189 करोड़ दिए। इसके लिए प्रदेश सरकार को मोदी सरकार का आभार प्रकट करना चाहिए।